शाहजहांपुर/लखनऊ। पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लेकर राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन का प्रतिनिधिमंडल लखनऊ पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से शिष्टाचार भेंट कर ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि पंचायत चुनाव समय पर न होने के कारण ग्राम पंचायतों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाना आवश्यक है, ताकि विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित न हो। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने आगामी 2 मई को प्रस्तावित संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में वित्त मंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। प्रधानों का कहना है कि चुनाव में देरी के चलते कई योजनाएं अधर में लटक गई हैं। यदि जल्द कोई निर्णय नहीं लिया गया तो ग्रामीण विकास की गति प्रभावित हो सकती है।


