बाराबंकी। जर्जर स्कूल भवन के ध्वस्त होने के बाद नए भवन का इंतजार कर रहे मासूम छात्र ने जिलाधिकारी से मार्मिक अपील की है। छात्र ने कहा, “डीएम अंकल, हमारा स्कूल टूट गया है, हमारा स्कूल बनवा दीजिए।” बच्चे की यह अपील शिक्षा व्यवस्था की जमीनी तस्वीर सामने लाने वाली है।
मामला सिद्धौर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय का है। जर्जर हालत के चलते वर्ष 2025 में विद्यालय भवन को ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बाद से अब तक विद्यालय का नया भवन नहीं बन सका है। फिलहाल बच्चों की पढ़ाई पंचायत भवन के छोटे से कमरे में कराई जा रही है।
विद्यालय में पढ़ने वाले करीब 58 बच्चे एक ही कमरे में पढ़ने को मजबूर हैं। सीमित जगह में सभी बच्चों की कक्षाएं संचालित होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बच्चों और अभिभावकों को नए विद्यालय भवन के निर्माण का इंतजार है।
मासूम छात्र की जिलाधिकारी से की गई अपील के बाद बीएसए ने जल्द विद्यालय भवन का निर्माण कराने का आश्वासन दिया है। अब बच्चों को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल से जल्द उनका अपना स्कूल भवन तैयार होगा और उन्हें पंचायत भवन के छोटे कमरे से राहत मिलेगी।


