जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
फर्रुखाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जनपद में संचालित गेहूं खरीद कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गेहूं खरीद की प्रगति, उठान व्यवस्था तथा क्रय केंद्रों पर किसानों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान खरीद के सापेक्ष गेहूं उठान की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक कुल 5502 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जबकि इसके सापेक्ष केवल 1485 मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने कम उठान को गंभीर लापरवाही मानते हुए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कायमगंज मंडी स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर गेहूं भीगने की घटना को भी जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित मार्केटिंग इंस्पेक्टर के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गेहूं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि गेहूं खराब होता है तो संबंधित क्रय एजेंसी एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।जिलाधिकारी ने सभी क्रय एजेंसियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर गेहूं के सुरक्षित भंडारण, समयबद्ध उठान तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं सुचारु गेहूं खरीद व्यवस्था बनाए रखना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित खाद्य एवं विपणन विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


