41.3 C
Lucknow
Thursday, June 25, 2026

डीएम डॉ. अंकुर लाठर की सख्ती से अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल

Must read

– जनसुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क
– कई निजी अस्पताल प्रशासन की रडार पर
– चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा निरीक्षण अभियान

फर्रुखाबाद। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार के नेतृत्व में कोचिंग सेंटरों, मॉल, होटल और निजी अस्पतालों में विशेष जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कर भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समाप्त करना है।

गुरुवार को नगर मजिस्ट्रेट ने शहर के कई निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फायर सेफ्टी सिस्टम, भवन मानचित्र, अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र , आपातकालीन निकास, विद्युत सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई। जिन संस्थानों में कमियां पाई गईं, उन्हें निर्धारित समय के भीतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में नगर मजिस्ट्रेट ने डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय के पीछे स्थित माधव मैक्स हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। हालांकि कुछ कमियां सामने आने पर अस्पताल संचालक डॉ. अविनाश पांडे को उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल प्रबंधन ने प्रशासन द्वारा बताई गई सभी कमियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि जिले में संचालित सभी संस्थानों को सुरक्षा मानकों के प्रति जवाबदेह बनाने की व्यापक कार्रवाई का हिस्सा है। जिला प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि मरीजों और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उधर, स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि माधव मैक्स हॉस्पिटल के आसपास स्थित नीलकंठ हॉस्पिटल, कटियार हॉस्पिटल, तेजस हॉस्पिटल, माया हॉस्पिटल और सिटी हॉस्पिटल का गुरुवार को निरीक्षण नहीं किया गया। हालांकि प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जांच अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है और आगामी दिनों में अन्य निजी अस्पतालों एवं संस्थानों का भी निरीक्षण किया जाएगा। यदि कहीं भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिली तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की निगरानी में चल रहा यह विशेष अभियान जनपद में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सभी अस्पतालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करना है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से जनहानि को रोका जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article