35 C
Lucknow
Monday, May 11, 2026

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने नेकपुर खुर्द गौशाला का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

Must read

101 गोवंश संरक्षित मिले, भुगतान और चिकित्सा व्यवस्था की ली विस्तृत जानकारी

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सोमवार को अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल नेकपुर खुर्द का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुल 101 गोवंश संरक्षित पाए गए। मौके पर लगभग 50 कुंतल भूसा, 18.5 कुंतल दाना और 12 कुंतल हरा चारा उपलब्ध मिला।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला से संबंधित सभी अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया और गोपालकों के भुगतान व गौशाला फंड की स्थिति की जानकारी ली। सचिव द्वारा बताया गया कि गोपालकों का भुगतान मार्च 2026 तक कर दिया गया है, जबकि अप्रैल 2026 तक के फंड की मांग शासन को भेजी जा चुकी है। इस पर जिलाधिकारी ने लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने मौके पर मौजूद उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धनेप कुमार गुप्ता से गोवंशों की चिकित्सा, टैगिंग, टीकाकरण और बीमार पशुओं के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि गौशाला का नियमित निरीक्षण किया जाए और सभी पशुओं की समयबद्ध चिकित्सा एवं देखभाल सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी बढ़पुर को मुख्य सड़क से गौशाला तक लगभग 450 मीटर कच्चे मार्ग की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों को गौ आश्रय स्थलों से जोड़कर पशु आहार निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित कराने और हरा चारा उत्पादक किसानों से कम दरों पर चारा क्रय करने के लिए अनुबंध प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गौशाला नोडल अधिकारी, ग्राम प्रधान, सचिव सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article