एटा
थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव झिनवार में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव खेत में पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान रोहित उर्फ बड़ेला (22) पुत्र भान सिंह के रूप में हुई है, जो कुछ समय से प्रेम संबंधों को लेकर मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने प्रेमिका की शादी से आहत होकर आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
परिजनों के मुताबिक रोहित नोएडा में एक फैक्टरी में काम करता था, जहां उसकी पहचान जलेसर क्षेत्र की एक शादीशुदा महिला से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मामला प्रेम संबंध तक पहुंच गया। बताया गया कि पिछले वर्ष रोहित उस महिला को अपने गांव ले आया था और उससे विवाह करना चाहता था। इस बात की जानकारी महिला के पति को होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और उसे जेल जाना पड़ा। वह करीब साढ़े चार महीने तक जेल में रहा, बाद में जमानत पर रिहा हुआ।
जेल से बाहर आने के बाद भी रोहित और महिला के बीच बातचीत जारी रही, लेकिन महिला के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हुए। तीन दिन पूर्व महिला की शादी दूसरी जगह कर दी गई। जानकारी के अनुसार रोहित उस शादी में भी शामिल हुआ था, लेकिन वहां से लौटने के बाद वह बेहद परेशान और गुमसुम रहने लगा था।
मंगलवार देर रात वह घर से बिना बताए निकल गया और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब आठ बजे गांव के कुछ लोगों ने खेत में एक पेड़ से उसका शव लटका देखा, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की और रोने-बिलखने लगे।
ग्रामीणों ने शव को पेड़ से नीचे उतारा, जिसके कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


