41 C
Lucknow
Tuesday, May 26, 2026

बाल कटवाने को लेकर विवाद, सैनिक से मारपीट कर सोने की चेन लूटी, तीन पर मुकदमा दर्ज

Must read

कंपिल/फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में एक सैनिक के साथ अभद्रता, लूट और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। बाल कटवाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें सैनिक को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया और गले से सोने की जंजीर तोड़कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव मानिकपुर निवासी उपेंद्र कुमार पाण्डेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके भाई सुनील कुमार पाण्डेय भारतीय सेना में तैनात हैं और तीन दिन पूर्व ही छुट्टी लेकर घर आए थे। रविवार शाम को वह रुदायन स्थित एक नाई की दुकान पर बाल कटवाने गए थे।
इसी दौरान पड़ोसी गांव जिजौटा बुजुर्ग निवासी मनमोहन, गोविंद और अजय भी दुकान पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों युवकों ने पहले बाल कटवाने को लेकर सैनिक के साथ अभद्र व्यवहार किया और फिर गाली-गलौज करने लगे। जब सैनिक ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली और मौके से भाग निकले।
पीड़ित सैनिक ने आरोपितों का पीछा किया, लेकिन रुदायन से कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते पर स्थित एक आम के बाग के पास तीनों युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट कर घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही घायल सैनिक के भाई मौके पर पहुंचे और उसे थाने ले जाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मंगलवार सुबह तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article