शमसाबाद/फर्रुखाबाद। उधार दिए गए रुपये वापस मांगने पर विवाद होने और महिला समेत दो लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही एक व्यक्ति पर गाली-गलौज, मारपीट और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना शमसाबाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम समोचीपुर चितार निवासी सलमान पुत्र मुसर्रत ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि करीब तीन माह पूर्व उन्होंने गांव के ही नईम को तरबूज की फसल के कारोबार के लिए 1 लाख 60 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि इसमें 89 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से तथा शेष 71 हजार रुपये नकद दिए गए थे। उस समय नईम ने एक माह के भीतर पूरी रकम वापस करने का आश्वासन दिया था।
पीड़ित का कहना है कि निर्धारित समय बीत जाने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। कई बार कहने के बावजूद रुपये नहीं लौटाए गए। इसके बाद सलमान अपनी पत्नी सामना बेगम और भाई अफजाल के साथ आरोपी के घर पहुंचा और उधार दी गई रकम वापस करने की बात कही।
शिकायत के अनुसार रुपये मांगने पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने सलमान की पत्नी सामना बेगम और भाई अफजाल के साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने दोनों को थप्पड़ों से पीटा और तमंचा लहराते हुए गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल है। सलमान ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी की धमकियों के कारण परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
उधर, थाना शमसाबाद पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उधार के 1.60 लाख रुपये मांगने पर विवाद, महिला समेत दो लोगों से मारपीट का आरोप


