27 C
Lucknow
Friday, May 1, 2026

खुलासा : वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, रिमांड पर लाकर साथी से भी जेवरात व मोटरसाइकिल बरामद

Must read

 

कासगंज

चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली कासगंज पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित अभियुक्त हिमांशु वर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के जेवरात बरामद किए हैं। वहीं इसी प्रकरण में पूर्व में जेल भेजे जा चुके उसके साथी अभियुक्त को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर अतिरिक्त सामान और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली कासगंज पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के वांछित अभियुक्त हिमांशु वर्मा पुत्र भूदेव सिंह निवासी दर्गा कॉलोनी, कासगंज को गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात बरामद किए गए, जिनमें एक सफेद धातु की तगड़ी, दो कड़े सहित अन्य आभूषण शामिल हैं।
इस मामले में पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके अभियुक्त रौनक शर्मा उर्फ गुल्लू पुत्र नीरज शर्मा, निवासी दर्गा कॉलोनी, कासगंज को भी पुलिस ने न्यायालय की अनुमति से 30 अप्रैल 2026 को कस्टडी रिमांड पर लिया। उसे 1 मई 2026 को जिला कारागार से लाकर पूछताछ की गई। रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी के अतिरिक्त जेवरात और एक यामाहा मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए सभी सामान को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की घटनाओं में भी हाथ तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article