अमृतपुर। विकास के दावों के बीच अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम रामप्रसाद नगला की सड़कें बदहाली की कहानी बयां कर रही हैं। गांव में जगह-जगह जलभराव, कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क और नाली में अंतर करना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
नालियों की सफाई और मरम्मत न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
ग्रामीण अवनीश कुमार, रामबरन और राजीव कुमार ने पंचायत प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को हो रही है। बच्चे प्रतिदिन कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं।
इस संबंध में पंचायत प्रशासक रविदास ने बताया कि वर्तमान में बजट का अभाव है। बजट मिलते ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता पर कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल निरीक्षण कर सड़क निर्माण एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।


