कन्नौज। ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर राजकीय मेडिकल कॉलेज, कन्नौज में एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण एवं राज्यमंत्री कैलाश राजपूत ने कन्नौज के सम्मानित नागरिकों के साथ संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प को लेकर विस्तार से जानकारी साझा की।
मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने नागरिकों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे और सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों पर चर्चा की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
वक्ताओं ने विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए समाज के सभी वर्गों के सहयोग को आवश्यक बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सामूहिक सहभागिता पर बल दिया।


