जन आरोग्य मेले में 120 मरीजों का उपचार, आयुष्मान कार्ड बनाने में लापरवाही पर आशाओं को फटकार
अमृतपुर, फर्रुखाबाद
शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का रविवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपक कटारिया ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिथनापुर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पिथनापुर पीएचसी में स्टाफ अनुपस्थित मिलने तथा परिसर में गंदगी देख उन्होंने नाराजगी जताई और व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव वर्मा ने डिप्टी सीएमओ को बताया कि जन आरोग्य मेले में मलेरिया के 14, टाइफाइड के 13, शुगर के 16, स्पुटम (बलगम) के 6, हीमोग्लोबिन के 3, हेपेटाइटिस के 2 तथा डेंगू के 2 मरीजों की जांच की गई। इसके अलावा कुल 120 मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
मेले में मौजूद आशा संगिनी पूजा द्वारा पांच आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए। इस पर डिप्टी सीएमओ ने अन्य आशा कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान डॉ. कटारिया ने पंजीकरण रजिस्टर, लेबर रूम तथा प्रसव रजिस्टर का भी अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसूताओं को भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है, जिससे मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
इसके बाद डिप्टी सीएमओ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथनापुर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. सुधीर तो मौजूद मिले, लेकिन अन्य स्टाफ अनुपस्थित था। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्था सुधारने तथा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप का माहौल बना रहा।


