30 C
Lucknow
Saturday, May 2, 2026

घर के बाहर पेड़ से लटका मिला शव, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

Must read

 

औरैया। अयाना थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमनगर गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 19 वर्षीय युवती ने घर के बाहर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रेमनगर निवासी पल्लू सिंह दोहरे की पुत्री शिवानी (19) ने अपने घर के बाहर खड़े नीम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों ने युवती को पेड़ से लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार के अनुसार, शिवानी ने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की थी, जिसके बाद उसने आगे की पढ़ाई छोड़ दी थी। घर में पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां श्री देवी गृहिणी हैं। बड़ी बहन रश्मि की शादी हो चुकी है और दो छोटे भाई घर पर ही रहते हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज गंगवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, जिसमें पारिवारिक परिस्थितियों, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों को खंगाला जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक संवाद की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article