26 C
Lucknow
Thursday, May 7, 2026

भूमाफियाओं के आतंक से दहशत में परिवार, पैतृक जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप

Must read

 

फर्रुखाबाद। भूमाफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। थाना मऊदरबाजा क्षेत्र में एक पैतृक जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने कुछ दबंगों और कथित भूमाफियाओं पर जबरन कब्जा करने, हथियारों के बल पर धमकाने तथा पुलिस की चेतावनी को धता बताने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित मो० आशिफ खां पुत्र सफदर खां निवासी बीबीगंज बन्दोबस्ती थाना मऊदरबाजा सहित जुम्मन खां, नूर मोहम्मद, अली मोहम्मद, साद मोहम्मद, आमिर एवं आजम आदि ने उच्च अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी पैतृक भूमि गाटा संख्या 617क रकबा 0.4540, स्थित अर्राह पहाड़पुर परगना पहाड़ा तहसील सदर में स्थित है। पीड़ितों का कहना है कि उक्त भूमि पर उनका परिवार पिछले 70 से 80 वर्षों से निर्विवाद रूप से खेती-बागवानी करता चला आ रहा है।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि राज्य स्तरीय भूमाफिया अनुपम दुबे के संरक्षण में पल-बढ़ रहे कुछ दबंगों की नजर उनकी जमीन पर पड़ गई। आरोप है कि कौशल यादव निवासी चमड़ा मंडी नरकसा, अजीम निवासी मोहल्ला दीवान मुबारक, नौसाद, शादाब तथा ताज मोहम्मद सहित अन्य लोगों ने जमीन पर कब्जा करने की योजना बनाई।
शिकायत के अनुसार 4 मई 2026 को सुबह लगभग 11 बजे आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और जमीन पर लट्ठे गाड़कर तारबंदी शुरू कर दी। जब इसकी जानकारी पीड़ित पक्ष को हुई तो वह मौके पर पहुंचा और विरोध किया। सूचना मिलने पर थाना मऊदरबाजा पुलिस भी मौके पर पहुंची और कब्जे की कार्रवाई रुकवा दी। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि उक्त भूमि को लेकर माननीय न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन फतेहगढ़ में वाद संख्या 303/2025 विचाराधीन है।
बताया गया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जब तक मामला न्यायालय में विचाराधीन है, तब तक कोई भी पक्ष जमीन पर कब्जा या निर्माण कार्य नहीं करेगा। लेकिन आरोप है कि पुलिस की चेतावनी के बावजूद अगले ही दिन 5 मई 2026 को आरोपी पक्ष पुनः 10 से 15 अन्य दबंगों और कथित भूमाफियाओं के साथ अवैध असलाह लेकर मौके पर पहुंच गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि “अब इस जमीन को भूल जाओ, नहीं तो जमीन के साथ जान से भी हाथ धो बैठोगे।” इस धमकी के बाद से पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जी रहा है। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें आशंका है कि आरोपी किसी भी समय उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर सकते हैं और उनके परिवार के साथ कोई बड़ी अप्रिय घटना भी घट सकती है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि घटना की दोबारा सूचना थाना मऊदरबाजा पुलिस को दी गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं। अब पीड़ितों ने प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर भूमाफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article