32 C
Lucknow
Wednesday, July 8, 2026

मिर्जापुर के विकास को सीएम योगी का बड़ा तोहफा

Must read

 

15 अगस्त तक सड़क-पुल परियोजनाओं के लिए जारी होगी धनराशि

मिर्जापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मिर्जापुर मंडल में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की विकास परियोजनाओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित नई सड़क एवं पुल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावों का विस्तृत एस्टीमेट तत्काल तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि 15 जुलाई 2026 तक परियोजनाओं को मंजूरी और 15 अगस्त तक निर्माण कार्यों के लिए धनराशि जारी की जा सके।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए सभी प्रस्तावों पर तेजी से कार्रवाई की जाए, जिससे विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मिर्जापुर नगर की प्रमुख सड़कों के आधुनिकीकरण पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर, अष्टभुजा मंदिर और कालीखोह मंदिर को जोड़ने वाले सभी मार्गों को स्मार्ट रोड की तर्ज पर विकसित किया जाए। इन मार्गों पर बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सड़क संपर्क मजबूत किया जाएगा। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को नियमित निगरानी करने को कहा।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद मिर्जापुर मंडल में सड़क एवं पुल परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्रीय विकास के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय आवागमन को भी बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article