लखनऊ। चाइनीज मांझे से युवक की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को गंभीर मानते हुए प्रदेश भर में चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने स्पष्ट कहा है कि उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद इसकी उपलब्धता होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रतिबंध के बाद भी यह जानलेवा मांझा बाजार में कैसे पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने सभी पुलिस कमिश्नर और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और आपूर्ति करने वालों के खिलाफ तत्काल छापेमारी अभियान चलाया जाए। थोक और खुदरा विक्रेताओं के साथ-साथ सप्लाई नेटवर्क पर भी कड़ी नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।
सीएम योगी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौत को हत्या माना जाएगा और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जिन क्षेत्रों में चाइनीज मांझा मिलने की शिकायतें सामने आएंगी, वहां संबंधित पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। प्रदेश में इस जानलेवा मांझे के खिलाफ अभियान लगातार चलाने के आदेश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here