– सेवा संकल्प अभियान के तहत 21 से 23 सितंबर तक विद्यालय स्तर पर हुए आयोजन
– विजेता विद्यार्थियों का होगा सम्मान
फर्रुखाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले के सभी विकास क्षेत्रों में विभिन्न स्तरों पर चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में 21 से 23 सितंबर 2026 तक विद्यालय स्तर पर ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए रंगों और चित्रों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को जीवंत रूप प्रदान किया। विद्यालय स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
इसके बाद ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उत्कृष्ट छात्र सम्मान समारोह आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रत्येक विद्यालय से चयनित एक विजेता छात्र या छात्रा को 26 सितंबर 2026 को संबंधित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। इसके पश्चात प्रत्येक विकासखंड से उत्कृष्ट चित्रकला प्रतियोगिता के लिए चयनित पांच विजेता छात्र-छात्राओं को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन 1 अक्टूबर 2026 को महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में किया जाएगा। समारोह में विकासखंड स्तर से चयनित विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा का उत्साहवर्धन किया जाएगा।


