लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने आज बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ‘अनुदेशक सम्मान समारोह’ एवं चेक वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय वृद्धि उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाल वाटिका से लेकर कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए तैयार समग्र रिपोर्ट कार्ड का भी विमोचन किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि राज्य का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से नई पीढ़ी को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुदेशक शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनकी बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने मानदेय वृद्धि को शिक्षकों के सम्मान और उनके मनोबल को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
समग्र रिपोर्ट कार्ड के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि इसमें विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ उनकी रचनात्मक गतिविधियों, व्यवहारिक विकास और अन्य क्षमताओं का भी मूल्यांकन शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अनुदेशक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सभी शिक्षकों और विभागीय अधिकारियों से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।


