कोलकाता। सुवेंदु अधिकारी को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पश्चिम बंगाल में हड़कंप मच गया है। एक वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री के खिलाफ हिंसक भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें “सीमा पर दफना देने” की धमकी दी गई है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं तथा वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि “दी डेली इंकलाब” नामक एक सामाजिक माध्यम पृष्ठ पर यह वीडियो प्रसारित किया गया। उस पृष्ठ पर बांग्लादेश का झंडा लगा होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि वीडियो पड़ोसी देश से प्रसारित किया गया हो सकता है। हालांकि वीडियो में बोलने वाला व्यक्ति साफ हिंदी बोलता दिखाई दे रहा है। प्रशासन ने अभी तक वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच में जुटी हैं।
वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें उन्हें सीमा पर दफनाने और शारीरिक हमला करने जैसी बातें कही गई हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में हत्या होने के बाद इस तरह की धमकियों को बेहद गंभीर माना जा रहा है।
राज्य सचिवालय की ओर से कहा गया है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सुवेंदु अधिकारी को पहले से केंद्र सरकार की विशेष सुरक्षा प्राप्त है। मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम उनकी सुरक्षा में तैनात की गई है। हालांकि मुख्यमंत्री ने स्वयं निर्देश दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी रहे जिससे आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


