31 C
Lucknow
Tuesday, March 24, 2026

कछला में महिला के जनाजे में बवाल, मायका-ससुराल पक्ष में मारपीट और पथराव

Must read

 

बदायूं
जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला कस्बे में रविवार को एक महिला के जनाजे के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब मायका और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच विवाद बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इस घटना में दोनों ओर से तीन लोग घायल हो गए, हालांकि बाद में पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत कराया गया और आपसी समझौता हो गया।

जानकारी के अनुसार, कछला निवासी मोहम्मद यूनिस अपनी पत्नी आफ्सा के साथ शनिवार को बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे, तभी कासगंज जिले में उनकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में आफ्सा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यूनिस गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अलीगढ़ में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मृतका आफ्सा गर्भवती भी थी, जिससे घटना और भी दुखद हो गई।

रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद जब आफ्सा का शव कछला पहुंचा, तो मायका पक्ष के करीब 40 लोग भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने आते ही यूनिस के सुरक्षित बच जाने को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और जनाजे के दौरान फिर से उग्र हो गया।

जब जनाजा कब्रिस्तान की ओर ले जाया जा रहा था, तभी दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद भड़क उठा। आरोप है कि मायका पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान तीन लोग घायल हो गए और कई लोगों के मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही कछला चौकी प्रभारी गौरव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में शव को सुपुर्दे खाक किया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराकर मामला शांत कराया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी, इसलिए मामला आपसी सहमति से सुलझा लिया गया।

बताया जा रहा है कि यूनिस और आफ्सा का निकाह करीब आठ महीने पहले हुआ था और दोनों खुशहाल जीवन बिता रहे थे। ईद के मौके पर रिश्तेदारी में जाते समय हुए इस हादसे ने जहां एक परिवार को गहरे शोक में डाल दिया, वहीं जनाजे के दौरान हुए विवाद ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article