29 C
Lucknow
Friday, May 22, 2026

हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा – घंटों चला ड्रामा, प्रशासन में हड़कंप

Must read

फर्रुखाबाद, संवाददाता:
जनपद के जहानगंज थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव में सोमवार देर शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक अपनी पत्नी को बुलाने की जिद में हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुबारिकपुर निवासी रवि कुमार सोमवार शाम करीब 7:30 बजे गांव के बाहर स्थित 132 केवी हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि वह करीब 50 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गया, जहां से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। इतनी ऊंचाई और बिजली के खतरनाक तारों के बीच युवक का चढ़ना किसी बड़े हादसे का संकेत दे रहा था।
चौंकाने वाली बात यह रही कि टावर पर चढ़ने के बाद रवि कुमार ने खुद ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि वह आत्महत्या करने के इरादे से ऊपर चढ़ा है। सूचना मिलते ही जहानगंज थाना प्रभारी रामबाबू पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया।
प्रेम विवाह बना विवाद की वजह
बताया गया है कि रवि कुमार ने करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही पारिवारिक विवाद शुरू हो गया, जिसके चलते उसकी पत्नी करीब तीन माह पहले अपने मायके चली गई थी और तब से वापस नहीं लौटी। सोमवार को रवि उसे मनाने उसके मायके भी गया था, लेकिन पत्नी के वापस आने से इनकार करने के बाद वह आहत होकर यह खतरनाक कदम उठा बैठा।
पत्नी को बुलाने की जिद, नहीं उतर रहा नीचे
टावर पर चढ़े रवि कुमार ने साफ तौर पर पुलिस और ग्रामीणों के सामने शर्त रख दी कि जब तक उसकी पत्नी मौके पर नहीं आएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
इस दौरान युवक की मां भी मौके पर पहुंच गईं। वह रो-रोकर अपने बेटे से नीचे उतरने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन भावुक माहौल के बावजूद रवि का दिल नहीं पसीजा और वह टावर पर ही बैठा रहा।
दमकल विभाग की भी ली गई मदद
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दमकल विभाग को भी सूचना दी। रात करीब 9:30 बजे दमकल टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने भी युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
इलाके में जुटी भीड़, टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। लोग सांस थामे इस पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। हाईटेंशन लाइन के पास युवक के बैठे होने से हर किसी को किसी बड़े हादसे का डर सता रहा था।
फिलहाल पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीम लगातार युवक को समझाने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है, ताकि कोई अनहोनी न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article