शाहजहांपुर। नगर निगम कार्यालय परिसर में काकोरी केस के अमर शहीदों की प्रतिमाएं निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण खंडित हो गईं, जिससे शहरवासियों में गहरा रोष फैल गया। इस घटना के बाद महापौर अर्चना वर्मा मौके पर पहुंचीं और नगर निगम के अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की घोर निंदा की।
नगर निगम के पास स्मार्ट रोड निर्माण का कार्य चल रहा है। नगर निगम ने अमर शहीदों की प्रतिमाओं को हटाकर नई प्रतिमाएं लगाने के लिए एक एजेंसी को 40 लाख रुपये के ठेके पर काम सौंपा था। रविवार की रात ठेकेदार ने नगर निगम अधिकारियों को सूचित किए बिना बुलडोजर से प्रतिमाओं को हटाने का प्रयास किया, जिससे प्रतिमाएं टूट गईं।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव अनीत कुमार त्रिवेदी ने प्रशासन से मामले की जांच कराए जाने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन वीरों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया, उनकी प्रतिमाओं के साथ इस प्रकार की लापरवाही जनता की भावनाओं को आहत करती है।
इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिनमें टूट चुकी प्रतिमाओं को डंपिंग ग्राउंड में पड़ा दिखाया गया है। अखिलेश यादव ने लिखा कि सौंदर्य किसी भी शहीद के सम्मान से बड़ा नहीं हो सकता और शाहजहांपुर में सौंदर्यीकरण के नाम पर प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाना गलत मानसिकता की निशानी है।
काकोरी केस के शहीदों की प्रतिमाएं टूटने से मची हलचल, महापौर और अखिलेश यादव ने जताई नाराजगी


