लखनऊ
राजधानी में आयोजित पिछड़ा वर्ग अधिकार सम्मेलन के दौरान आजाद समाज पार्टी के प्रमुख एवं सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि मुस्लिम समाज ने हमेशा डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और संघर्षों का समर्थन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सहित पूर्ववर्ती सरकारों ने पिछड़े और दलित वर्गों के अधिकारों को लगातार नजरअंदाज किया है।
सम्मेलन में चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि जब भी मुस्लिम समाज की बात होती है तो कुछ लोगों को असहजता होती है, जबकि हकीकत यह है कि यदि मुस्लिम समाज की समस्याओं का समाधान हो जाए तो कई राजनीतिक ताकतों की जमीन खिसक जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज के वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाना ही उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान ‘पिछड़ों-दलितों को न्याय दिलाओ 69000 शिक्षक भर्ती’ जैसे बैनर भी देखने को मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दे भी सम्मेलन के केंद्र में रहे। चंद्रशेखर ने ऐलान किया कि 2 जून से पार्टी पूरे प्रदेश में सत्ता परिवर्तन अभियान शुरू करेगी, जिसके जरिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था में गरीब, दलित और पिछड़े वर्गों को उनका हक नहीं मिल रहा है, जबकि संविधान ने सभी को बराबरी का अधिकार दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत करें और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएं।
इस सम्मेलन के जरिए आजाद समाज पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि वह आगामी चुनाव में सामाजिक समीकरणों को साधने और वंचित वर्गों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर काम कर रही है।


