रोहतक। सांपला नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष के अपहरण, गाड़ी के अंदर मारपीट, 24 घंटे तक बंधक बनाकर रखने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। जिसका आरोप उन्होंने अपनी पत्नी और पांच अज्ञात बदमाशों पर लगाया है।
फिलहाल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, योगेश ओहलान उर्फ निका ने पुलिस को शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने बताया कि वह सात जुलाई को अपने दफ्तर में पूजा-पाठ कर रहे थे। इसी दौरान 4 बदमाश आए और उनके दफ्तर में घुस आए।
आरोप है कि उन्होंने उन्हें जबरदस्ती एक कार में बिठाया और उनका अपहरण कर लिया। उन्होंने कहा कि एक बदमाश पहले से ही कार के अंदर बैठा था। थोड़ी दूर गाड़ी चलाने के बाद, बदमाशों ने कपड़े से उनका मुंह और आंखें ढक दीं और गाड़ी के अंदर ही उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने उनके प्राइवेट पार्ट पर भी हमला किया। इसके बाद आरोपित उन्हें एक अनजान जगह ले गए। जहां पर कई बदमाशों ने उनसे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर रखा।
उन्होंने कहा कि इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज चेक की। इसके बाद शाम को लगभग 6:30 बजे उनके पिता और पुलिस की टीम उस जगह पहुंची।
जहां पर उन्हें बंधक बनाया हुआ था। उन्होंने कहा कि उन्हें दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के रन्हौला गांव में रखा गया था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनकी एमएलआर कटवाई गई थी।
उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि उनका अपहरण उनकी पत्नी ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के कहने और उकसाने पर किया था। उन सभी ने एक गहरी आपराधिक साजिश रची और 5 अज्ञात बदमाशों के साथ मिलकर बहुत सोच-समझकर इस अपराध को अंजाम दिया।
इस वारदात को छिपाने और पुलिस से बचने के लिए उनकी पत्नी ने जानबूझकर एक पूरी तरह से झूठी कहानी बनाई और कहा कि मैं नशे का आदी हूं और जिसके चलते नशा-मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। उनकी पत्नी से उनका विवाद चल रहा है। फिलहाल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


