लखनऊ
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री Mayawati ने मंगलवार को दिल्ली में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक कर आगामी चुनावों को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अगले वर्ष उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और आर्थिक स्थिति की समीक्षा की गई। मायावती ने जहां बेहतर काम करने वाले पदाधिकारियों की सराहना की, वहीं कमजोर प्रदर्शन पर नाराजगी जताते हुए कई स्तरों पर फेरबदल के निर्देश भी दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मिशनरी भावना के साथ काम करते हुए पार्टी के जनाधार को मजबूत करें और हर घर तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं।
मायावती ने कहा कि “कानून द्वारा कानून का राज” ही बसपा की पहचान है और यही व्यवस्था समाज के हर वर्ग के हित में है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस संदेश को तेजी से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि पार्टी को मजबूत आधार मिल सके।
दिल्ली की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के बाद अब भाजपा सरकार से भी जनता निराश हो रही है। उनके मुताबिक, वर्तमान सरकारें आमजन की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पा रही हैं, जिससे बसपा के लिए एक विकल्प के रूप में उभरने का अवसर है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे पूरी लगन और मेहनत से जनता के बीच जाएं, खासकर मेहनतकश वर्ग की समस्याओं को उठाएं और उन्हें न्याय व बेहतर शासन का भरोसा दिलाएं। आगामी चुनावों को देखते हुए बसपा अब संगठन को धार देने और रणनीति मजबूत करने में जुट गई है।


