जौनपुर: जौनपुर (Jaunpur) में सुजानगंज थाना क्षेत्र के बसरही गांव में रविवार को एक विवाहिता (Married woman) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रुमन गुप्ता (29) पत्नी संतोष गुप्ता निवासी बसरही के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही मौत के पीछे की असल वजह का पता चल सकेगा।
मिली जानकारी के अनुसार रुमन की शादी वर्ष 2016 में संतोष गुप्ता के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि पति संतोष ने मायके वालों को फोन कर रुमन को घर भेजने के लिए कहा था, उसने बताया था कि बच्चों के नाम विद्यालय में लिखवाना है इसलिए लिए पत्नी को घर भेज दीजिए। इसके बाद रुमन मायके से अपने ससुराल बसरही आई थी।
मृतका के पिता फूलचंद गुप्ता निवासी नेवढ़िया, बरईपार ने सुजानगंज थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ मारपीट कर हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटका दिया गया। घटना के समय घर में दो ननद, देवर, देवरानी, सास और ससुर के मौजूद होने की बात भी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


