समझौते के लिए पहुंचे परिजनों पर भड़का आरोपी, देसी तमंचे से किया हमला
कायमगंज/फर्रुखाबाद। थाना कम्पिल क्षेत्र के गांव पट्टी मदारी में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सुमित पुत्र भजनलाल ने अपने घर आए साड़ू पर 12 बोर के तमंचे से फायर झोंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार आलोक पुत्र अमर सिंह निवासी गोटौला हमीरपुर खास कोतवाली कायमगंज अपने साले अवनीश पुत्र रामशंकर निवासी नवादा गोटिया थाना काठ (जनपद शाहजहांपुर) के साथ अपनी बहन रविशा के ससुराल, गांव पट्टी मदारी पहुंचे थे। बताया गया कि रविशा की शादी सुमित के साथ हुई थी और वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। शनिवार को भी मारपीट के बाद रविशा ने अपने परिजनों को सूचना देकर बातचीत के लिए बुलाया था।
रविवार को जब परिजन घर पहुंचे और विवाद को सुलझाने का प्रयास करने लगे, तभी बातचीत के दौरान सुमित अचानक भड़क उठा। आरोप है कि उसने घर का गेट बंद कर धमकी दी और सीढ़ियों के नीचे रखे 12 बोर के देसी तमंचे से अपने साड़ू आलोक पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली लगने से आलोक के शरीर के कुछ हिस्सों से खून बहने लगा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस संबंध में थाना प्रभारी नितिन चौधरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
पारिवारिक विवाद में साड़ू पर फायर, जान से मारने की नीयत से चलाई गोली


