32 C
Lucknow
Sunday, May 17, 2026

मसेनी चौराहे पर सीएनजी गैस से भरे ट्रक में लीकेज, तेज धमाके से मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला

Must read

धमाके की आवाज से मसेनी के लोगों में दहशत, घरों से बाहर निकले निवासी

दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा, ट्रक को वापस रूपापुर भेजा गया

फर्रुखाबाद। शहर के मसेनी चौराहे पर शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सीएनजी गैस से भरे एक ट्रक में अचानक लीकेज हो गया और तेज धमाके जैसी आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस, दमकल विभाग और तकनीकी टीम ने स्थिति पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद हरदोई के रूपापुर से सीएनजी गैस से भरा ट्रक जनपद एटा की ओर जा रहा था। रास्ते में ट्रक के गैस सिलेंडर में अचानक लीकेज शुरू हो गया। शुरुआत में रिसाव मामूली था, लेकिन कुछ ही देर में गैस तेजी से निकलने लगी। बताया गया कि जैसे ही ट्रक मसेनी चौराहे पर अवधेश तिवारी के मकान के सामने पहुंचा, तभी जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई और गैस तेजी से बाहर निकलने लगी।

धमाके की आवाज सुनते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए और आसपास की दुकानों में भी अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

ट्रक चालक दयाशंकर निवासी आगरा ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ट्रक से दूरी बना ली और तत्काल पुलिस व अपने विभागीय अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना कादरी गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके को सुरक्षित कर लोगों को दूर रहने की सलाह दी गई। एहतियातन दमकल विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

कुछ देर बाद रूपापुर से सीएनजी गैस के तकनीकी कारीगर मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद गैस रिसाव को नियंत्रित किया। राहत की बात यह रही कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, अन्यथा घनी आबादी वाले क्षेत्र में बड़ा विस्फोट और भारी जनहानि हो सकती थी।

घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से ट्रक को वापस रूपापुर भेज दिया गया। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिसकी वजह से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article