40.9 C
Lucknow
Saturday, July 4, 2026

शादी समारोह से उड़ी बाइक, तीन दिन बाद खेत में मिली क्षतिग्रस्त हालत में; संदेह के घेरे में युवक, पुलिस की जांच तेज

Must read

 

अमृतपुर, फर्रुखाबाद

अमृतपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई बाइक चोरी का मामला अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। चोरी के तीन दिन बाद मोटरसाइकिल गांव के एक खेत में क्षतिग्रस्त अवस्था में बरामद हुई, जबकि मामले में एक संदिग्ध युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है। बरामदगी के बाद पूरे प्रकरण को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित संजेश कुमार 1 जुलाई को अपने रिश्तेदार शिवपाल की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने ग्राम मोकुलपुर पहुंचे थे। देर रात करीब 12 बजे उनकी मोटरसाइकिल रहस्यमय ढंग से गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। यह बाइक उनके पिता सोनेलाल के नाम पर पंजीकृत है।पीड़ित और उसके साथी राहुल ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की। इसी दौरान गांव के एक युवक पर संदेह जताया गया। सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया।मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब 3 जुलाई की सुबह गांव के चमन मोहम्मद के खेत में चोरी गई मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली। सूचना पर डायल-112 पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक सुरेश सिंह ने बाइक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि मामले की गहराई से जांच कर बाइक चोरी में शामिल लोगों की पहचान की जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं, पुलिस का कहना है कि बरामद बाइक की स्थिति, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
थानाध्यक्ष दर्शन सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक राहुल सिंह को सौंपी गई है। जांच अधिकारी राहुल सिंह के अनुसार जिस युवक पर संदेह जताया गया है, उससे पूछताछ की गई है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों, तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर निष्पक्ष जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article