मोहम्मदाबाद,फर्रुखाबाद। कस्बा में शुक्रवार तड़के बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली चोरी के मामलों का खुलासा किया है। विजिलेंस टीम ने उन उपभोक्ताओं के घरों पर अचानक छापेमारी की, जिनके बिजली मीटर बकाया बिल जमा न करने के कारण पहले ही बंद किए जा चुके थे।
विजिलेंस टीम के प्रभारी उप निरीक्षक अनुज कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान पाया गया कि कई उपभोक्ता बंद मीटर होने के बावजूद सीधी लाइन जोड़कर और कटिया डालकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। टीम ने मौके पर जांच कर बिजली चोरी की पुष्टि की।
GPS के जरिए ट्रैक हो रहे संदिग्ध उपभोक्ता
उप निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि विभाग के पास बंद मीटरों और संदिग्ध उपभोक्ताओं की पूरी सूची उपलब्ध है। जीपीएस लोकेशन सिस्टम के माध्यम से मीटरों को ट्रैक कर घर-घर जांच अभियान चलाया जा रहा है। छापेमारी के दौरान कई मामलों में बिजली चोरी प्रमाणित हुई है।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
विजिलेंस टीम ने बिजली चोरी में संलिप्त पाए गए उपभोक्ताओं के नाम दर्ज कर लिए हैं और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
कस्बे में मचा हड़कंप
तड़के हुई इस अचानक कार्रवाई से पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया। विजिलेंस की इस सख्त कार्रवाई को बिजली चोरी के खिलाफ विभाग की बड़ी पहल माना जा रहा है।






