शमशाबाद/फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी के बीच गंगा स्नान करने गया एक 20 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। घटना के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे स्थानीय गोताखोरों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव गंगा से बाहर निकाला। शव बाहर आते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला अस्तबल तराई निवासी शकील का 20 वर्षीय पुत्र आबिद अपने दोस्तों के साथ शमशाबाद क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध ढाई घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचा था। बताया गया कि स्नान के दौरान आबिद अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बहने लगा। उसे डूबता देख दोस्तों ने शोर मचाया, जिस पर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। लगभग एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने आबिद का शव गंगा से बाहर निकाला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां मालिका और बड़े भाई जावेद का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया गया कि जावेद जयपुर में कार सजावट (कार चोब) का काम करता है और कुछ दिन पूर्व ही परिवार के साथ फर्रुखाबाद आया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों के बीच ऐसा दुखद हादसा हो जाएगा।
थानाध्यक्ष शमशाबाद सचिन चौधरी ने बताया कि दोस्तों के साथ गंगा स्नान कर रहे 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गंगा स्नान बना मौत का सफर, तेज बहाव में डूबा 20 वर्षीय युवक; एक घंटे बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम


