37.6 C
Lucknow
Thursday, June 4, 2026

बेकाबू बाइक ने दंपति को मारी टक्कर, मासूम बेटी समेत घायल; बाइक छोड़कर फरार हुआ आरोपी

Must read

ढाई घाट मार्ग पर हुई दुर्घटना, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
शमशाबाद/फर्रुखाबाद। शमशाबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर सड़क हादसे का कारण बनी। ढाई घाट-शमशाबाद मार्ग पर एक अनियंत्रित बाइक ने पीछे से दंपति की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव कासिमपुर तराई निवासी सर्वेश कुमार (36) अपनी पत्नी रानी (31) और एक वर्षीय बेटी निशा को दवा दिलाने के लिए गुरुवार को शमशाबाद आए थे। दवा लेने के बाद तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढाई घाट-शमशाबाद मार्ग पर बूढ़ी गंगा के निकट पीछे से तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि सर्वेश और उनकी पत्नी रानी बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे और घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। भीड़ को अपनी ओर आता देख दुर्घटना को अंजाम देने वाला युवक अपनी बाइक वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना करने वाला युवक थाना शमशाबाद क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर खरेटा का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद भेजा गया।
पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि घायल पक्ष की ओर से आरोपी बाइक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article