बरेली के थाना कैंट क्षेत्र में एक युवती ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, ब्लैकमेल और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसने पूरे मामले का खुलासा किया।
पीड़िता के अनुसार, करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात मुजीब नाम के युवक से हुई थी, जो उसके पड़ोस में किराए पर रहता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर कई बार उसे होटलों में ले जाकर शारीरिक शोषण किया और विरोध करने पर उसे धमकाता रहा।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचकर रिश्ता तय करने का नाटक किया और 15 अप्रैल की तारीख भी तय कर दी। लेकिन बाद में 13 अप्रैल को उसने शादी से इनकार कर दिया और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसकी मां को फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी।
18 अप्रैल को आरोपी द्वारा उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने की कोशिश करने का भी आरोप है, लेकिन शोर मचाने पर वह मौके से भाग गया। पीड़िता ने यह भी दावा किया कि आरोपी ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया और अपने भाई के जरिए जहर भिजवाकर खाने पर मजबूर किया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पीड़िता का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण उसने अपने पति को भी छोड़ दिया था, लेकिन अब वह पूरी तरह अकेली पड़ गई है। उसने आरोप लगाया कि मुजीब ने सुनियोजित तरीके से उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। फिलहाल पीड़िता ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।


