भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आजमगढ़ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश अब एसी से बाहर निकले हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता पूरे 365 दिन जनता के बीच रहता है। पार्टी हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है और संगठन लगातार जनता के बीच सक्रिय है।
यूपी कांग्रेस को लेकर दिल्ली में अहम बैठक, आज मिल सकती है रिपोर्ट
दिल्ली में आज यूपी कांग्रेस को लेकर महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता केसी वेणुगोपाल करेंगे। इसमें यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सह प्रभारी शामिल होंगे। सभी पर्यवेक्षक उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक हालात और तैयारियों को लेकर अपनी रिपोर्ट पेश कर सकते हैं।
अंकित हत्याकांड: गोगी गैंग के शूटरों का नया वीडियो, सिम खरीदते दिखे आर्यन-सत्यम
शामली में अंकित हत्याकांड के बाद फरार गोगी गैंग के शूटर आर्यन और सत्यम का नया वीडियो सामने आया है। दोनों हत्या से करीब सवा तीन घंटे पहले नया सिम खरीदते नजर आए। हत्या के बाद रात 10 बजे तक सिम सक्रिय रहा। अब दोनों के फोन बंद हैं और इंस्टाग्राम हैंडल भी डिएक्टिवेट हैं। पुलिस ने दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
उन्नाव: स्कूल में बच्चे और शिक्षक गायब मिले, पूरे स्टाफ का वेतन रोका
उन्नाव के बिछिया स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय नेवरना में बच्चे और शिक्षक गायब मिलने के मामले में बीएसए शैलेश पाण्डेय ने सख्त कार्रवाई की है। प्रधानाचार्य समेत पूरे स्टाफ को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। फिलहाल सभी का वेतन रोक दिया गया है।
बरेली: जिला अस्पताल के बाथरूम से महिला बंदी फरार, दो महिला सिपाही निलंबित
बरेली जिला अस्पताल से महिला बंदी ममता फरार हो गई। वह अस्पताल के बाथरूम से निकलकर फरार हुई थी। मामले में ममता और उसके दो बेटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उसकी तलाश में चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं। लापरवाही पर कांस्टेबल नूतन और रिंकी को निलंबित कर दिया गया है। ममता नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में जेल में बंद थी।


