फर्रुखाबाद। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने देर रात कमालगंज थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीएनएस कार्यालय, विवेचना कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, भोजनालय, शस्त्रागार सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और अभिलेखों की समीक्षा की।
एएसपी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, जन शिकायतों के समयबद्ध समाधान, महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने तथा रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों को अद्यतन रखने और फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।⇒


