कायमगंज/फर्रुखाबाद।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज में मानदेय बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनियों का आंदोलन लगातार जारी है। शनिवार को धरने का दसवां दिन रहा। मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित कोल्ड चेन रूम में तालाबंदी कर विरोध जताया। इससे टीका करण कार्य भी प्रभावित होने की स्थिति बन गई है।
धरने पर बैठीं आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अन्य जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके अतिरिक्त समय-समय पर उन्हें कई अन्य जिम्मेदारियां भी सौंपी जाती हैं, लेकिन काम के बढ़ते बोझ और महंगाई के बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय उनकी मेहनत के अनुरूप नहीं है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि मानदेय में बढ़ोतरी समेत अन्य समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखी गईं, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे आक्रोशित होकर उन्होंने कार्य बहिष्कार का रास्ता अपनाया है।
शनिवार को प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आशा कार्यकर्ताओं ने 15 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार जारी रखने का ऐलान करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कोल्ड चेन रूम में तालाबंदी के चलते टीकाकरण व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आशा कार्यकर्ताओं की मांगों पर कब तक कोई ठोस कदम उठाते हैं।
मांगें पूरी न होने पर आशा कार्यकर्ताओं का आंदोलन जारी, 15 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार का ऐलान


