फर्रुखाबाद। श्री विश्वनाथ सामाजिक सेवा संस्थान द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग एवं संस्कार भारती के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को नगर के विभिन्न विद्यालयों में श्रीकृष्ण महारास महोत्सव के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के कुल 90 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक विद्यालय से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया में निर्णायक की भूमिका सरस्वती शिशु मंदिर सेनापत के अध्यापक शिव कुमार, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर सेनापत की अध्यापिका श्रीमती अर्चना, रामानंद बालिका इंटर कॉलेज की अध्यापिका बबली पाल तथा भारतीय पाठशाला इंटर कॉलेज के अध्यापक संजीव ने निभाई।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में बच्चों ने श्रीकृष्ण की लीलाओं और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता में चयनित सभी प्रतिभागियों को 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संयोजन अरविंद दीक्षित ने किया।
श्रीकृष्ण महारास महोत्सव के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित, 90 बच्चों ने लिया भाग


