यूथ इंडिया | लखनऊ
अर्जक संघ के 59वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में 31 मई को एक महत्वपूर्ण वैचारिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन कैसरबाग स्थित करन भाई सभागार में दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें देशभर की वैचारिक और सामाजिक हस्तियां हिस्सा लेंगी।
कार्यक्रम के आयोजक एवं करेन्ट एजेण्डा मैगजीन के सह संपादक डा. अनूप पटेल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य सामाजिक न्याय, वैचारिक जागरूकता और अर्जक आंदोलन की ऐतिहासिक भूमिका पर विमर्श करना है।
कार्यक्रम में बतौर वक्ता अर्जक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार भारती, द्रविड़ कझगम पार्टी के विदेश मामलों के प्रभारी जी. करूणानिधि, विश्व प्रसिद्ध चित्रकार डा. लाल रत्नाकर, प्रख्यात आंबेडकरवादी लेखक विद्या भूषण रावत तथा लखनऊ विश्वविद्यालय की प्रोफेसर रीता चौधरी अपने विचार रखेंगे।
कार्यक्रम में सामाजिक परिवर्तन और वैचारिक आंदोलन से जुड़े महापुरुषों जगदेव बाबू, महाराज सिंह भारती, पेरियार ललई यादव और अर्जक संघ के संस्थापक रामस्वरूप वर्मा के जीवन और योगदान पर भी चर्चा होगी।


