अमृतपुर/फर्रुखाबाद
थाना अमृतपुर पुलिस का एक मानवीय चेहरा उस समय देखने को मिला जब कस्बा गूजरपुर पमारान में एक युवक अचानक पुल के किनारे से नीचे जा गिरा। नीचे पड़े पत्थरों पर गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष अमृतपुर इंद्रजीत सिंह बिना समय गंवाए पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक दर्द से तड़प रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना अध्यक्ष ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए युवक को अपनी सरकारी गाड़ी से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।
घायल युवक की पहचान रोहित पुत्र कमलेश निवासी हुसैनपुर राजपुर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
थाना अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह की तत्परता और इंसानियत भरे व्यवहार की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि आज के दौर में पुलिस का ऐसा मानवीय रूप समाज में भरोसा मजबूत करता है। घटना के बाद क्षेत्र में अमृतपुर पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली चर्चा का विषय बनी हुई है।


