28 C
Lucknow
Friday, September 18, 2026

लूट के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, 4.76 लाख रुपये बरामद

Must read

फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस ने लूट के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट की रकम में से 4 लाख 76 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को वृंदावन, मथुरा निवासी नवीन कुमार अग्रवाल ने मोहम्मदाबाद कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात लोगों ने उनकी फर्म के कर्मचारियों से बैग लूट लिया था। सूचना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को उसी दिन गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की रकम बरामद कर ली थी। पूछताछ और विवेचना के दौरान मैनपुरी जनपद के घिरोर थाना क्षेत्र के गांव कल्हौर पछाह निवासी मोनू पुत्र स्वर्गीय विजयपाल का नाम भी सामने आया। वह तभी से वांछित चल रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोनू मोहम्मदाबाद क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4 लाख 76 हजार 500 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके भाई शिवकुमार और कुंवर बहादुर उर्फ सोनू लूट के एक मामले में जेल में बंद हैं। उसके अनुसार घटना के बाद कुंवर बहादुर उर्फ सोनू ने उसे एक काले रंग का बैग घर में छिपाकर रखने के लिए दिया था। उसने बैग को घर की छत पर रखी पानी की टंकी में छिपा दिया था और इसके बाद दिल्ली चला गया था।
आरोपी के मुताबिक वापस लौटने के बाद उसने अपने भाइयों की पैरवी के लिए एक अधिवक्ता से संपर्क किया। अधिवक्ता द्वारा अधिक रुपये लगने की बात बताए जाने पर वह घर की छत पर रखी पानी की टंकी से काला बैग निकालकर उसमें रखे 4 लाख 76 हजार 500 रुपये नीले बैग में लेकर फतेहगढ़ जाने के लिए निकला था। मोहम्मादाबाद के पास वह एक रिश्तेदार से मिलने का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी ने अन्य सफाई अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में देने की बात कही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह मलिक, कांस्टेबल मनीष कुमार और रिजर्व कांस्टेबल जुगेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article