प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे क्रमिक धरना-प्रदर्शन के बीच छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर छात्रों में नाराजगी व्याप्त है और उन्होंने सीनेट गेट पर अपना धरना जारी रखा।
छात्रों ने अपील की कि धरना-प्रदर्शन से संबंधित किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक खबर पर विश्वास न किया जाए। उनका कहना है कि उनकी मांगों को लेकर आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा।
छात्रनेता आशुतोष मौर्य ने कहा कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन सार्वजनिक रूप से अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं करता और छात्रों की प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर छात्र विश्वविद्यालय परिसर का घेराव भी करेंगे तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग करेंगे।
धरना-स्थल पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम के बाद छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
धरना-प्रदर्शन में अनुराग यादव, गौरव गोंड, विद्रोही, आयुष, महात्मा, अमन, शिवम्, अंश और रौशन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।


