33.1 C
Lucknow
Monday, July 27, 2026

पुरानी रंजिश में युवक के घर पर हमला, फायरिंग और तोड़फोड़ का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

Must read

फर्रुखाबाद।कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के घर के बाहर पहुंचे दबंगों पर गाली-गलौज, फायरिंग और जमकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी बाइक, दरवाजे और सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, बीजाधरपुर पाल नगला निवासी रंजीत पाल उर्फ मोहित पुत्र मोहर सिंह ने कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते पांचाल घाट निवासी आनंद भदौरिया, दीनदयाल बाग निवासी रोमित दुबे उर्फ गोलू पुत्र विद्यानंद, बघार नाला के निकट निवासी चक्रेश तिवारी, जैतपुर निवासी बिक्कू ठाकुर तथा पांच अज्ञात लोग उसके घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से फायरिंग कर दी, जिससे वह डर के कारण घर से बाहर नहीं निकल सका। इसके बाद आरोपियों ने घर के मुख्य दरवाजे, बाहर खड़ी बाइक और सीसीटीवी कैमरे में तोड़फोड़ की तथा जान-माल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान घर के बाहर से दो खोखे बरामद किए। पीड़ित का दावा है कि सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की तोड़फोड़ की घटना रिकॉर्ड हुई है और फुटेज में तोड़फोड़ के बाद फायरिंग की आवाज भी सुनाई दे रही है। आसपास के लोगों ने भी घटना की जानकारी होने की बात कही है।

रंजीत पाल का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा तो उसकी तहरीर तो ले ली गई, लेकिन पुलिस ने मामला केवल मारपीट का बताते हुए फायरिंग की घटना से इनकार किया। पीड़ित ने निष्पक्ष जांच कर फायरिंग, तोड़फोड़ और धमकी के आरोपों को शामिल करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article