फर्रुखाबाद। गोमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान को समर्पित ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को फर्रुखाबाद में विशाल जनसहभागिता देखने को मिली। अभियान के प्रेरणास्रोत पूज्य ईश्वर दास ब्रह्मचारी महाराज के मार्गदर्शन में जिले के हजारों गोभक्तों, संत-महात्माओं, किसानों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को संबोधित लगभग 4.5 लाख नागरिकों के हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम की शुरुआत गोमाता के पूजन, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने हाथों में भगवा ध्वज, बैनर और जनजागरण संबंधी संदेश लिए शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाली। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की आकर्षक झांकी और गोसंरक्षण का संदेश लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि पूज्य ईश्वर दास ब्रह्मचारी महाराज के नेतृत्व में पिछले कई महीनों से देशभर में गोसंरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य समाज को गोसेवा के प्रति जागरूक करना तथा सरकार तक जनभावनाओं को लोकतांत्रिक तरीके से पहुंचाना है।
ज्ञापन में देशभर में गोहत्या पर प्रभावी केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गो-चारा नीति तैयार करने तथा कृषि, पर्यावरण, चिकित्सा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभियान के प्रतिनिधियों ने कहा कि पूज्य ईश्वर दास ब्रह्मचारी महाराज के नेतृत्व में चल रहा यह आंदोलन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास से भी जुड़ा हुआ जनआंदोलन बन चुका है। उनका कहना था कि देशभर से करोड़ों नागरिक इस अभियान से जुड़कर गोसंरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहे हैं।
अंत में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गोसंरक्षण से संबंधित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम में जिले के संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, मातृशक्ति, किसान, व्यापारी, युवा एवं बड़ी संख्या में गोभक्त उपस्थित रहे।
ईश्वर दास ब्रह्मचारी के नेतृत्व में गो सम्मान अभियान को मिला जनसमर्थन, 4.5 लाख हस्ताक्षरों का ज्ञापन डीएम को सौंपा


