फर्रुखाबाद। बी-पैक्स जहानगंज परिसर में प्राकृतिक खेती विषय पर किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद संतोष भारतीय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सहकारी बैंक फर्रुखाबाद-कन्नौज के अध्यक्ष कुलदीप गंगवार शामिल हुए। अतिथियों ने किसानों को रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया।
पूर्व सांसद संतोष भारती ने कहा कि प्राकृतिक खेती से खेती की लागत कम होने के साथ मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने किसानों से सरकार की कृषि एवं सहकारिता से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक एवं टिकाऊ खेती अपनाने की अपील की। वहीं जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप गंगवार ने कहा कि सहकारी समितियां किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में सहकारिता आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी बैंक के संचालक रामेंद्र कटियार ने किया। इस दौरान रीना भारती, भूपेंद्र सिंह, सरस श्रीवास्तव, राजीव दुबे, सचिव शाहिद सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। संगोष्ठी में प्राकृतिक खेती के लाभ, जैविक खाद के उपयोग, जल संरक्षण तथा फसल उत्पादन बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने विशेषज्ञों से खेती से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विस्तार से समाधान भी किया गया।


