25 C
Lucknow
Saturday, September 19, 2026

अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- नौकरी और निवेश जमीन पर नहीं, सिर्फ विज्ञापनों में दिखाई दे रहे

Must read

 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, बिजली संकट, छात्रसंघ चुनाव, पुलिस कार्रवाई और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

अखिलेश यादव ने कानपुर देहात के नेता जुनैद कुमार के समाजवादी पार्टी में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि पिछली बार उन्हें करीब 50 हजार वोट मिले थे। अगर उस समय उन्हें राजनीतिक रूप से मना लिया गया होता तो आसपास की सीटों पर भी पार्टी को फायदा होता और सपा का एक विधायक और बढ़ जाता।

उन्होंने पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। भाजपा छोड़कर सपा में आने वाले नेताओं को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी में सभी का स्वागत है।

बेरोजगारी और निवेश पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और निवेश के दावे जमीन पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उनके मुताबिक, नौकरी और निवेश वास्तविकता में नहीं बल्कि विज्ञापनों में दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों को समय पर पैसा नहीं मिल रहा है और आलू किसान परेशान हैं। उन्होंने सरकार से आलू उत्पादन और किसानों को भुगतान से संबंधित स्थिति स्पष्ट करने की बात कही।

बिजली व्यवस्था को लेकर अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए नई इकाइयां नहीं लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली संकट का कारण सरकार की नीतियां हैं।

छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रसंघ चुनाव हो रहे हैं और वहां भाजपा की सरकार है, फिर उत्तर प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव क्यों नहीं कराए जा रहे हैं।

उन्होंने रायबरेली में छात्रसभा के कार्यक्रम को लेकर भी आरोप लगाए। अखिलेश के मुताबिक, छात्रसभा के जिला अध्यक्ष और उनके साथियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और पुलिस को सूचना देने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि रायबरेली के शहर कोतवाल द्वारा विधायक और कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाने की बात कही जा रही है। अखिलेश ने इसे भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली बताते हुए कहा कि पहले अन्याय किया जाता है और विरोध करने पर पुलिस के माध्यम से दबाव बनाया जाता है।

सोशल मीडिया पोस्ट पर मुकदमे का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद मुकदमा दर्ज होने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अजय सेठ से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के मामले में बलरामपुर निवासी साधु पासवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी और सरकार के विभिन्न दावों को लेकर भी सवाल उठाए।

नोटबंदी का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दौरान किए गए दावों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भ्रष्टाचार और आतंकवाद खत्म होने की बात कही गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी भ्रष्टाचार और आतंकवाद से जुड़ी समस्याएं मौजूद हैं।

उन्होंने भाजपा के अंदरूनी संबंधों को लेकर भी तंज कसा और कहा कि भाजपा वाले भाजपा वालों के भी सगे नहीं हैं।

2027 चुनाव की तैयारी पर बोले अखिलेश

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव समय पर होंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पहले चुनाव समय से पहले कराना चाहती थी, लेकिन अब उसे जमीनी स्थिति की सच्चाई पता चल गई है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव की तैयारी कर रही है और सोशल मीडिया, एआई के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एआई से तैयार वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।

अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य लोगों तक अपना संदेश पहुंचाना है। उन्होंने रायबरेली जाने की भी बात कही और कहा कि 24 तारीख को वह राहुल लोधी के घर जाकर चाय पीएंगे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article