– दो युवाओं ने निभाया भाई और पिता का फर्ज, समाज के सहयोग से धूमधाम से संपन्न हुई शादी
फर्रुखाबाद,नवाबगंज। आज के दौर में जहां रिश्ते अक्सर स्वार्थ और औपचारिकताओं तक सीमित दिखाई देते हैं, वहीं फर्रुखाबाद के नवाबगंज क्षेत्र से इंसानियत, सामाजिक एकता और मानवीय संवेदनाओं की ऐसी मिसाल सामने आई जिसने हर किसी का दिल छू लिया। नगर पंचायत नवाबगंज के ग्राम धोबियनगला में एक गरीब परिवार की बेटी लवली की शादी समाज के सहयोग से धूमधाम और सम्मान के साथ संपन्न कराई गई। इस शादी की सबसे भावुक बात यह रही कि करीब दो महीने पहले लंबी बीमारी के चलते लवली के पिता का निधन हो गया था और परिवार में कोई कमाने वाला पुरुष सदस्य नहीं बचा था। छह बहनों के बीच एक भी भाई नहीं था। ऐसे कठिन समय में समाज के कुछ लोगों ने आगे बढ़कर बेटी के भाई और पिता दोनों का फर्ज निभाया।
इस पुनीत कार्य में मुख्य भूमिका निभाने वाले अतुल कठेरिया, जिला संयोजक आजाद समाज पार्टी कांशीराम फर्रुखाबाद, और धर्मेंद्र शाक्य उर्फ देवेंद्र जी, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी नगर पंचायत नवाबगंज, ने मिलकर बेटी की शादी को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए हर रस्म पूरी कराई। दोनों ने न केवल आर्थिक सहयोग किया बल्कि पूरी शादी की व्यवस्था संभालते हुए यह एहसास तक नहीं होने दिया कि बेटी के सिर से पिता का साया उठ चुका है।
अतुल कठेरिया ने बताया कि जब उन्हें परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने तय किया कि यह शादी किसी भी हाल में सम्मानपूर्वक कराई जाएगी। समाज के लोगों से सहयोग जुटाया गया और फिर दोनों भाइयों ने अपनी ओर से कई गुना अधिक खर्च कर बेटी की शादी को यादगार बनाने का काम किया। शादी समारोह में हर रस्म पूरे रीति-रिवाज और सम्मान के साथ निभाई गई। बारात स्वागत से लेकर विदाई तक हर पल भावुक कर देने वाला रहा।
धर्मेंद्र शाक्य उर्फ देवेंद्र जी ने पिता की भूमिका निभाते हुए कन्यादान और अन्य जिम्मेदारियां निभाईं। वहीं अतुल कठेरिया पूरे समय भाई की तरह बहन के साथ खड़े रहे। शादी समारोह में मौजूद लोगों की आंखें उस समय नम हो गईं जब विदाई के दौरान समाज के लोगों ने बेटी को आशीर्वाद देकर नए जीवन के लिए विदा किया।
इस सामाजिक कार्य में कई लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। विशेष सहयोग देने वालों में आलोक गौतम, दिनेश कश्यप, गौरव सक्सेना, मोनू पाल, डॉ. जितेंद्र यादव, कोमल गुप्ता, रजनीश शाक्य, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. अजयपाल जाटव, हवाई अरमान शाक्य और वेस्ट दिल्ली ब्यूटी पार्लर की जूली राठौर सहित सर्व समाज के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समाज के लोगों ने कहा कि यह केवल एक शादी नहीं बल्कि मानवता, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश है। जिस तरह कठिन परिस्थितियों में समाज एक परिवार के साथ खड़ा हुआ, वह आज के समय में प्रेरणा देने वाला उदाहरण है।
अतुल कठेरिया और धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि यदि समाज का प्यार और सहयोग इसी तरह मिलता रहा तो आगे भी वे हर जरूरतमंद बेटी के भाई और हर बेसहारा परिवार के सहारे के रूप में खड़े रहने का प्रयास करते रहेंगे।
गरीब परिवार की बेटी लवली की यह शादी अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे समाज की संवेदनशीलता तथा मानवीय मूल्यों की जीवंत मिसाल बता रहे हैं।


