फर्रुखाबाद। जनपद में बढ़ते नशे के खतरे पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय एनसीओआरडी समिति एवं “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के अंतर्गत त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में समाज कल्याण, आबकारी, पुलिस, अभियोजन, शिक्षा, चिकित्सा, वन एवं कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध प्रयोग तथा कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाए।
डीएम ने निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां, संवाद कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में नारकोटिक्स से जुड़े दर्ज मुकदमों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पुलिस, अभियोजन और आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि नशा कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा मामलों में समयबद्ध अभियोजन कराया जाए।
समाज कल्याण विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाने और आमजन तक जागरूकता कार्यक्रम पहुंचाने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाने, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और अन्य रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा गया।
चिकित्सा विभाग को मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच कर प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को शराब और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
बैठक के समापन पर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई तथा जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि “युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करें।”


