उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए हमीरपुर के जिलाधिकारी घनश्याम मीणा का तबादला कर उन्हें उन्नाव भेज दिया है। उनकी जगह अभिषेक गोयल को हमीरपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के बाद जिले में इस बदलाव को अहम प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।
घनश्याम मीणा ने 14 सितंबर 2024 को हमीरपुर के जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल में कई उल्लेखनीय पहलें देखने को मिलीं। खासतौर पर महोबा और हमीरपुर की मौदहा तहसील से गुजरने वाली लगभग 68 किलोमीटर लंबी चंद्रावल नदी को पुनर्जीवित करने की मुहिम को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो वर्षों से अपना अस्तित्व खो चुकी थी।
जिलाधिकारी मीणा ने ‘मिशन जलोदय’ और ‘नमामि गंगे’ योजना के तहत इस नदी के पुनर्जीवन का अभियान चलाया। इस दौरान समाजसेवियों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की गई, जिससे जल संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ी और नदी को पुनर्जीवित करने की दिशा में ठोस काम हुआ।
उनके कार्यकाल की एक और बड़ी उपलब्धि हमीरपुर द्वारा 516 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह करना रहा। इस उपलब्धि के साथ जनपद ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया, जो प्रशासनिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
वहीं, नए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल इससे पहले खाद्य एवं रसद विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थे। अब उनके सामने हमीरपुर जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी होगी। खासकर बढ़ती गर्मी के बीच ‘जल जीवन मिशन’ के तहत हर घर तक पेयजल पहुंचाना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा, क्योंकि मौदहा और सरीला तहसील के कई गांवों में हर वर्ष गंभीर जल संकट उत्पन्न होता है। अब देखना होगा कि नए जिलाधिकारी इस चुनौती से निपटने के लिए क्या रणनीति अपनाते हैं।


