फर्रुखाबाद। नगर पंचायत शमशाबाद क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अरुण कुमार सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एडीएम को शिकायत प्राप्त हुई थी कि नगर के मोहल्ला तिवारियान (चौखण्डा) में कुछ लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कर कब्जा किया जा रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्रीशचन्द्र श्रीवास्तव पुत्र छोटेलाल, सतीशचन्द्र पुत्र छोटेलाल तथा अंकित पुत्र सतीश निवासी मोहल्ला तिवारियान (चौखण्डा), शमशाबाद द्वारा उक्त सरकारी जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम अरुण कुमार सिंह ने उप जिलाधिकारी कायमगंज (एसडीएम) और अधिशासी अधिकारी (ईओ) नगर पंचायत शमशाबाद को संयुक्त रूप से जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तीन दिन के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया है।
प्रशासन के इस कदम से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध कब्जा करने वालों में बेचैनी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह के मामलों पर कार्रवाई होती रही, तो सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण पर अंकुश लगाया जा सकता है।
सरकारी जमीन पर कब्जे के मामले में एडीएम सख्त, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट


