40.9 C
Lucknow
Monday, June 8, 2026

पुलिस भर्ती परीक्षा पर एडीजी की पैनी नजर, कई केंद्रों का औचक निरीक्षण

Must read

 

– निष्पक्ष परीक्षा कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
– डीएम और एसपी ने भी संभाला मोर्चा

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर शासन की सख्ती रविवार को फर्रुखाबाद में साफ दिखाई दी। परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के साथ कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों की टीम ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़, दुर्गा नारायण पीजी कॉलेज फतेहगढ़ तथा क्रिश्चियन इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती तथा प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से परखा गया।

अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती परीक्षा की विश्वसनीयता किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हों। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तरह तैयार रहें।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील केंद्रों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article